समस्त ब्लॉग/पत्रिका का संकलन यहाँ पढें-

पाठकों ने सतत अपनी टिप्पणियों में यह बात लिखी है कि आपके अनेक पत्रिका/ब्लॉग हैं, इसलिए आपका नया पाठ ढूँढने में कठिनाई होती है. उनकी परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए इस लेखक द्वारा अपने समस्त ब्लॉग/पत्रिकाओं का एक निजी संग्रहक बनाया गया है हिंद केसरी पत्रिका. अत: नियमित पाठक चाहें तो इस ब्लॉग संग्रहक का पता नोट कर लें. यहाँ नए पाठ वाला ब्लॉग सबसे ऊपर दिखाई देगा. इसके अलावा समस्त ब्लॉग/पत्रिका यहाँ एक साथ दिखाई देंगी.
दीपक भारतदीप की हिंद केसरी पत्रिका
Showing posts with label भगवान श्रीकृष्ण. Show all posts
Showing posts with label भगवान श्रीकृष्ण. Show all posts

6/14/09

श्रीगीता के संदेश को पढ़े और समझे बिना उसका प्रचार हास्यप्रद-आलेख

एक टीवी चैनल का एक दृश्य है। उसमें एक अधेड़ महिला-धारावाहिकों में काम करने वाली महिलाओं को बुढ़िया इसलिये भी नहीं कहा जा सकता है क्योंकि परदादी होने पर भी उनके बाल काले होते हैं-कुछ बोलते हुए पढ़ रही है-‘इस संसार में क्या साथ लाये हो और क्या ले जाओगे। जो कुछ भी पास में है यही छोड़ जाओगे।’
इतने में उसका पति आता है-यह बाद में ही पता चलता है क्योंकि उसके बाल सफेद हैं-और वह उसे देखकर चुप हो जाती है। वह उससे पूछता है-‘क्या पढ़ रही हो?’
वह उत्तर देती है-‘गीता पढ़ रही हूं।’
वह कहता है-‘अच्छा कर रही हो। इस उम्र में यही ठीक रहता है।’
अपने देश के हिंदी धारावाहिक चैनलों के निर्माता दर्शकों की धाार्मिक प्रवृत्तियों का दोहन करने के लिये मनोरंजन के नाम पर उसमें कुछ दृश्य ऐसे जोड़ते हैं जिससे उसके सामाजिक होने को प्रमाणित किया जा सके-यह अलग बात है कि वह इस आड़ में कर्मकांड और अंधविश्वास वाले दृश्य भी जोड़ते जाते हैं। प्रसंगवश इन्हीं चैनलों में नारी को घर की एक निष्क्रिय सदस्य माना जाता है जो हमेशा प्रपंचों में लगी रहती है। कोई नारी स्वातंत्र्य समर्थक बुद्धिजीवी इस विचार नहीं करता और कभी कभी तो लगता है कि वह भी इन्हीं से प्रभावित होकर अपने विचार व्यक्त करते हैं।
मगर इस चर्चा का उद्देश्य यह नहीं है। हम तो बात उस दृश्य की कर रहे हैं जिसने इस लेखक को हैरान कर रख दिया। वह महिला उस किताब को पढ़ते हुए जो वाक्य बोली थी वह कहीं श्रीगीता में नहीं है। श्रीगीता के संदेशों का जो आशय है उस पर यहां चर्चा नहीं की जा रही है। जब कोई यह कहता है कि वह श्रीगीता पढ़ रहा है तो उसका मतलब यह है कि वह संस्कृत के श्लोक पढ़ रहा है या उसका अनुवाद। जो लोग नियमित रूप से श्रीगीता पढ़ते हैं वह अच्छी तरह से जानते हैं कि उसमें क्या लिखा है? यकीनन उपरोक्त वाक्य कहीं भी श्रीगीता में नहंी है।
इतना ही नहीं इन संवादों भाव भी देखें। यह वैराग्य भाव को प्रेरित करते हैं जबकि श्रीगीता मनुष्य को संपूर्ण अध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करते हुए विज्ञान में विकास के लिये प्रेरित करने के साथ ही जीवन में अपने स्वाभाविक कर्म करने के लिये प्रेरित करती है-जिन पाठकों को लेखक की इस बात पर संदेह हो वह उसे लेकर किसी श्रीगीता सिद्ध के पास ही जाकर उसकी जानकारी मांगें क्योंकि अनेक संतों और धार्मिक संस्थाओं द्वारा श्रीगीता के संबंध में जो उसका आशय प्रकाशित किया जाता है वह भी श्रीगीता में नहीं है।
इस दृश्य में ऐसे दिखाया गया है कि जिनकी जिंदगी की रंगीन नहीं रही है या जिनके रोमांस की आयु बीत गयी है उन्हें ही श्रीगीता का अध्ययन करना चाहिये। शायद कुछ लोगों को अजीब लगे पर सच यह है कि श्रीगीता का अध्ययन करने का समय ही युवावस्था है जिसमें लोग गल्तियां अधिक करते हैं। यही वह आयु होती है जिसमें पाप और पुण्य अर्जित किये जाते हैं। ऐसे में श्रीगीता का अध्ययन करने से ही वह बुद्धि प्राप्त होती है जो न केवल जीवन के चरमोत्कर्ष पर पहुंचाती है बल्कि स्वयं को गल्तियां करने से भी बचाती है।
अब आते हैं मुख्य बात पर।
आमतौर से हिंदी, हिन्दू और हिन्दुत्व को लेकर अनेक प्रकार की बहसें चलती हैं। निश्चित रूप से इसमें बुद्धिजीवी अपनी विचाराधाराओं के अनुसार विचार व्यक्त करते हैं। देश में लोकतंत्र है और इसमें कोई आपत्ति नहीं है पर यह प्रश्न तो उठता ही है कि वह जिन ग्रंथों को लेकर भारतीय धर्म की आलोचना करते हैं क्या वह उन्होंने पढ़े है? मगर यह सवाल केवल आलोचकों से ही नहीं वरन् भारतीय धर्मों के समर्थकों से भी है।
आलोचकों ने भारतीय धर्म का आधार स्तंभ मानते हुए वेदों और मनुस्मृति से चार पांच श्लोक और तुलसीदास का एक दोहा ढूंढ लिया है जिसे लेकर वह भारतीय धर्म पर बरसते हैं मगर समर्थक भी क्या करते हैं? वह दूसरे धर्मों के दोष गिनाने शुरु कर देते हैं। मतलब भारतीय धर्म के आलोचकों और प्रशंसक दोनों ही नकारात्मक सोच के झंडाबरदार हैं। नकारात्मक बहस में शब्द और वाणी में आक्रामकता आती है और प्रचार माध्यमों के लिये वह इसलिये रोचक हो जाती है।
देश का एक बहुत बड़ा बुद्धिजीवी समुदाय बहस बहुत करता है पर न तो वह भारतीय अध्यात्म ज्ञान की जानकारी रखता है और न ही रखना चाहता है। इसकी उसे जरूरत ही नहीं है क्योंकि प्रचार माध्यम उनको वैसे ही प्रसिद्ध किये दे रहे हैं। इससे हुआ यह है कि जिन लोगों के नाम के साथ भारतीय धर्म की पहचान लगी हुई है वह अध्यात्मिक ज्ञान को समझे बगैर ही उसका प्रचार प्रसार करते हैं-बशर्त इससे उनको व्यवसायिक लाभ होता हो। वह धारावाहिक जिन लोगों ने देखा होगा उनका मन उस निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और अभिनेत्री के प्रति अंधश्रद्धा से भर गया होगा-वाह क्या दृश्य है?
इधर भारतीय धर्म के व्यवसायिक साधु और संतों ने भी कोई कम हानि नहीं पहुंचाई है। अधिकतर प्रसिद्ध संतों और साधुओं ने अनेक तरह की संपत्ति का निर्माण किया है-हमें इस पर भी आपत्ति नहीं है क्योंकि लोग सभी जानते हैं और फिर भी उनके पास जाते हैं। यह लेखक भी कभी कभार उनके प्रवचनों में चला जाता है क्योंकि वही जाकर पता लगता है कि भारतीय अध्यात्मिक ज्ञान क्या है और उसे बताया किस तरह जा रहा है?
आज श्री बालसुब्रण्यम का एक आलेख पढ़ा जिसमें उन्होंने भक्तिकाल के साहित्य को सामंतशाही के विरुद्ध एक आंदोलन निरुपित किया। यह एक नया विचार था। उन्होंने वर्ण संबंधी ऐसे श्लोकों और दोहों की भी चर्चा की जिनको लेकर भारतीय धर्म को बदनाम किया जाता हैं। इस लेखक ने अपनी टिप्पणी लिखी जिसका आशय यह था कि भारतीय भाषाओं में अनेक बातें व्यंजना विद्या में लिखे जाने की प्रवृत्ति है और विदेशी पद्धति से चलने वाले विद्वानों उसका केवल शब्दिक या लाक्षणिक अर्थ लेते हैं।

सच बात तो यह है कि इस देश को सांस्कृतिक या धार्मिक खतरा विदेशी भाषाओं, विचारधाराओं और उनके प्रचारकों से नहीं बल्कि देश के लोगों की बौद्धिक गरीबी से है जो भले ही अंग्रेजी नहीं जानते पर उस पर आधारित शिक्षा पद्धति से शिक्षित होने के कारण बाहरी आवरण से अपनी भाषा और संस्कृति में रंगे जरूर लगते हैं पर भावनात्मक रूप से बहुत परे हैं। वह व्यवसायिक प्रचार माध्यमों और कथित साधु संतों की बातों से अपने अध्यात्म को समझते हैं जो उनको कर्मकांडों और अंधविश्वासों से कभी बाहर नहीं निकलने देती।
देश की फिल्मों, टीवी चैनलों, और व्यवसायिक प्रकाशनों में ऐसे ही अल्पज्ञानी लोग भारतीय धर्म के पैरोकार बनते हैं जो आलोचकों के वाद और नारों का उत्तर भी वैसा ही देते हैं जिनसे बहस और अभियानों का परिणाम नहीं निकलता।
हमें किसी की सक्रियता पर कोई आपत्ति नहीं करना चाहिए मगर जब यह बातें सामने आती हैं तो अपना दायित्व समझते हुए सचेत करना अपना कर्तव्य समझते हैं कि पहले भारतीय अध्यात्म ज्ञान को समझें फिर उसके समर्थन में आगे बढ़ें। यहां यह भी बता दें श्रीगीता में कोई लंबा चैड़ा ज्ञान भी नहीं हैं। न ही उसमें कोई रहस्य छिपा है-जैसा कि कुछ विद्वान दावा करते हैं। पढ़ने में समझ में सब आ जायेगा मगर पहले यह देखना होगा कि संकल्प किस तरह का है। अगर आप उससे सीखने और समझने के लिये पढ़ रहे हैं तो उसका ज्ञान स्वतः आता जायेगा। अगर आप ऐसे सिद्ध बनने की कामना करते हुए पढ़ना चाहते हैं जिससे ढेर सारे लोग गुरु मानकर पूजा करें तो ं तो फिर कुछ नहीं होने वाला। फिर तो आप प्रसिद्ध ज्ञानी जरूर हो जायेंगे। लोग आपके ज्ञान को श्रीगीता का ही ज्ञान कहेंगे मगर जो उसके नियमित पढ़ने वाले होंगे वह आपके पाखंड को समझ जायेंगे।
यहां कुछ उदाहरण देना अच्छा रहेगा
कई जगह लिखा मिल जाता है कि
1. ‘भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि कर्म ही मेरी पूजा है’।
स्पष्टीकरण-
पूरी श्रीगीता में भगवान श्रीकृष्ण जी ने कहीं भी ऐसा नहीं कहा। हां, उसमें निष्काम कर्म करने की प्रेरणा दी गयी है पर उसे भी अपनी पूजा नहीं कहा।
2.‘भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि सभी जीवों पर दया करो।’
स्पष्टीकरण-
श्रीगीता में कहीं भी ऐसा नहीं लिखा गया बल्कि उसमें निष्प्रयोजन दया का संदेश है।
लेखक द्वारा यह चर्चा करने का उद्देश्य स्वयं को सिद्ध प्रमाणित करने के लिये नहीं किया जा रहा है बल्कि इस आशा के साथ किया जाता है कि अगर कोई ज्ञान में कमी हो तो उसमें सुधार किया जाये। शेष फिर कभी
..................................
यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
लेखक के अन्य ब्लाग/पत्रिकाएं भी हैं। वह अवश्य पढ़ें।
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.राजलेख हिन्दी पत्रिका
3.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान-पत्रिका
4.अनंत शब्दयोग
लेखक संपादक-दीपक भारतदीप

8/24/08

आज है जन्माष्टमी का पावन पर्व

भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव आज मनाया जा रहा है। जिन लोगों की श्रीगीता में श्रद्धा है वह श्रीकृष्ण के नाम आते ही पुलकित हो जाते हैं। भारतीय अध्यात्म की आधार स्तंभ श्रीगीता का ज्ञान का महत्व वर्णनातीत है पर उसे अगर ज्ञान प्राप्ति के ध्येय और भक्ति भाव से पढ़ा जाये तो वह इतना सहज है कि कुछ समझने की आवश्यकता ही नहीं होती स्वतः आत्मसात होता है। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा और भक्ति भाव से श्रीगीता का अध्ययन करने पर यह ज्ञान मनुष्य के अंदर इस तरह आत्मसात हो जाता है कि उसे पता ही नहीं चलता कि वह ज्ञानी हो गया है और लोग उसके आचार,विचार और व्यवहार देखकर उसे ज्ञानी या योगी कहना शुरू कर देते है। भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीगीता के ज्ञान की चर्चा केवल अपने भक्तों में करने का संदेश इस तरह दिया है कि आत्मसात ज्ञान होने पर भी ज्ञानी कहीं अन्यत्र इसकी चर्चा चाहकर भी नहीं कर पाते।

भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र की महिमा का बखान कोई मनुष्य अपने जीवनकाल में नहीं कर पाता। फिर भी भक्तों के मन में कहीं न कहीं अपने इष्ट को लेकर ऐसा भाव रहता है कि उनका नाम कहीं आने पर उनकी वाणी से उनके महत्व का बखान हो ही जाता है। भगवान श्रीकृष्ण ने भारतीय अध्यात्म को श्रीगीता में एक ऐसा अक्षण्ण ज्ञान दिया कि वह इस धरती के जीवन धारण होने तब वह प्रासंगिक रहेगा। आखिर ऐसा क्या है उनके ज्ञान में जो सदियों बाद भी प्रासांगिक लगता है। इसका उत्तर यह है कि जीवन और प्रकृति के रहस्यों का सत्य है जो कभी बदल नहीं सकता। क्योंकि यहां आदमी के देह के उपयोग में आने वाली वस्तृऐं, चक्षुओं से दिखने वाले दृश्य,कानों से सुनने वाले स्वर,नाक में प्रवेश करने वाली गंधों, और हाथ से स्पर्श करने रूपों में परिवर्तन आ सकता है पर उसकी देह के मूल तत्व और उसके संचालन की प्रकृति में बदलाव नहीं हो सकता।
विश्व गुरू कहलाने के बावजूद हम भारतवासी भगवान श्रीकृष्ण द्वारा प्रदत्त ज्ञान से बहुत दूर जा रहे हैं। ठीक विपरीत दिशा में। उसमें जो वर्णित ज्ञान है उसके अक्षरों पर हम इतराते हैं पर उसका अनुसरण करना तो दूर उसका अर्थ तक नहीं समझते। हमें अपने पावन ग्रंथों के सत्य संदेशों पर अहंकार ने कभी उनके ज्ञान की तरह फटकने भी नहीं दिया। सच है अहंकार न केवल भक्ति में बल्कि ज्ञान प्राप्त करने में भी बाधक होता है।

भगवान श्रीकृष्ण जी के मंदिरों पर तमाम तरह के कार्यक्रम कर या श्रीगीता को दिखाने के लिये सिर से लगाकर दिखावे की भक्ति करना आसान है पर उससे जीवन में कोई लाभ मिल जाये यह संभव नहीं है। अगर ऐसा होता तो तमाम तरह के ऐश्वर्य अर्जित करने वाले लोग अपनी शांति के लिये मंदिरों में नहीं जाते। वहां के सेवक ऐसे वैभवशाली लोगों के साथ विशिष्टता का व्यवहार कर अपने को कृतार्थ अनुभव नहीं करते। ऐसे अनेक दृश्य सच्चे भक्तों के सामने आते हैं और वह इस पर हंसते हैं। मायापति मंदिर में शांति के लिये जा रहा है और कथित अध्यात्मपति उसका वहां प्रवेश देखकर शांति पा रहा है। यह ढोंग कुछ देर तक किया जा सकता है पर अधिक देर नहीं चल पाता। लोगों के पास बृहद मात्रा में माया आ रही है। इतनी कि कोई भी उनका मुकाबला नहीं कर सकता मगर उनके मन में शांति नहीं है।
हां, शांति कोई बाजार में बिकने वाली वस्तु नहीं हैं। उसे अर्जित करने का उपाय श्रीगीता में हैं पर कोई चलना नहीं चाहता। जिन लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण की निष्काम भाव से भक्ति की या श्रीगीता का ज्ञान आत्मसात किया वह मंदिरों या आश्रमों में चक्कर लगाने की बजाय जहां होते हैं वहींं उसका स्मरण करते हैं। उनको समय या दिन की परवाह नहीं रहती।
कहते हैं कि पूरा विश्व विकास के पथ पर है। यह बात कहने पर अनेक वैज्ञानिक और सामाजिक विद्वान हंसते हैं। पर्यावरण प्रदूषण, लोगों का संताप और हिंसा का तांडव बढ़ता ही जा रहा है। अनेक लोग अब इस युग में नये अवतार की चर्चा करते हैं। जबकि कुछ भक्त मनीषी कहते हैं कि भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि मैंने मनुष्यों को सारा अध्यात्मिक ज्ञान दे दिया है और अब यहां अवतार नहीं लूंगा। सच क्या है कोई नहीं जानता पर श्रीगीता का ज्ञान एक संपूर्ण ज्ञान है इसमें संदेह नहीं है।
वैसे तो आज के युग में धर्म प्रचार भी व्यवसाय हो गया है पर ऐसा तो हमारे यहां प्राचीनकाल से हो रहा है। पावन धर्मग्रंथों को पढ़ने वाले उतना ही ज्ञान अपने भक्तों को सुनाते हैं जितने से वह उनका अनुयायी बना रहे। अगर संपूर्ण ज्ञान दे देंगे तो फिर तो भक्त तो भगवान की भक्ति में लीन हो जायेगा और फिर क्यों अपने गुरू के पास हर बार दक्षिणा लेकर जायेगा। इस प्रकार धर्म प्रचार का यह व्यापर सदियों से यहां चला आ रहा है।

अहिंसा का व्यवहारिक संदेश तो श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र से ही मिलता है। महाभारत युद्ध के बाद गांधारी ने उनको परिवार समेत नष्ट होने का शाप दिया। उन्होंने उसे सहजता से ग्रहण किया। दुर्योधन को छल से मारने के लिये भीमसेन को उन्होंने ही प्रेरित किया था। देखिये उनकी लीला एक बहेलिये के तीर को उन्होंने अपने पांव आने दिया जो कि उसने धोखे उनके पांव की तरफ छोड़ा था। वह तो परमात्मा थे पर उन्होने परमधाम जाने से पहले अपनी वाणी से नहीं बल्कि अपने कर्म से यह संदेश दिया कि अहिंसा ही मनुष्य के लिये सर्वश्रेष्ठ मार्ग है। महाभारत युद्ध के समय उन्होंने श्री अर्जुन से कहा कि तू हिंसा मेरे लिये कर। समझ ले तू यह सब मेरे लिये कर रहा है।’

उन्होंने सारी हिंसा के दुष्कर्म के प्रायश्चित के लिये उस बहेलिये का तीर अपने पांव पर लिया। अपने इस कर्म का प्रायश्चित कर उन्होंने यही संदेश दिया कि अंहिंसा ही वह मार्ग है जिस पर मनुष्य को चलना चाहिए। महाभारत युद्ध के समय निहत्थे रहने की शपथ को निभाया। युद्ध की समाप्ति पर उन्होंने अर्जुन को रथ से उतारा और फिर स्वयं नीचे आये और वह आग से जलकर नष्ट हो गया। तब उन्होंने बताया कि विपक्षी योद्धाओं के अस्त्र शस्त्र के प्रहार से वह रथ तो कभी का नष्ट हो गया था और केवल उनके योगबल पर ही वह चल रहा था। श्रीकृष्णजी चाहते तो उस रथ को हमेशा के लिये बचा सकते थे पर वह जानते थे कि लोग फिर इसी रथ को चमत्कारी मानकर इसके आसपास घूमते रहेंगे। उनका इस कार्य में अप्रत्यक्ष रूप से निरंकार और निर्गुण परमात्मा की उपासना करने का संदेश था। उनके दिव्य चरित्र का वर्णन करने वाले कथित साधु संतों ने हमेशा ऐसे संदेशों की उपेक्षा की क्योंकि इससे उनके अनुयायी उनके आकर्षण में नहीं फंसते। उनके बाद तो श्रीकृष्ण की भक्ति का प्रचार करने वालों की बाढ़ आ गयी मगर वह सब सकाम भक्ति को ही मानते थे। देखा जाये तो मूर्तिपूजा हमारे अध्यात्म का भाग नहीं है पर उसे अपनाया गया है केवल इसलिये कि उससे अपने आपको भक्त मानने में सुविधा होती है। मूर्तिपूजा करना चाहिये और अपने मस्तिष्क में धारण कर फिर निरंकार की तरफ ध्यान लगाना चाहिए। न कि केवल मूर्तिपूजा कर उसे संपूर्ण भक्ति मान लेना चाहिए। ध्यान लगाकार साकार से निराकार की तरफ जाने का प्रयास करना चाहिए। यह ध्यान ही हमारी ताकत है।

भगवान श्रीकृष्ण का चरित्र दिव्य है पर उनके मार्ग का अनुसरण करना कोई कठिन काम नहीं जितना बताया जाता है। केवल अपने अंतर्मन में संकल्प की आवश्यकता है। अगर भगवान श्री कृष्ण का नाम हृदय से लिया जाये तो यह संकल्प अपने आप आ जाता है। बस इन पंक्तियों के साथ ही इस आलेख को यही समाप्त करते हैं। उनका स्वरूप तो अत्यंत्र विशाल है और हर दिन उनका है और आगे हम उनके विषय पर चर्चा करेंगे। इसी ब्लाग पर। समस्त ब्लाग लेखकों और पाठकों को इस अवसर पर हार्दिक बधाई। जय श्रीकृष्ण
------------------------------------
यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका
लेखक संपादक-दीपक भारतदीप

हिंदी मित्र पत्रिका

यह ब्लाग/पत्रिका हिंदी मित्र पत्रिका अनेक ब्लाग का संकलक/संग्रहक है। जिन पाठकों को एक साथ अनेक विषयों पर पढ़ने की इच्छा है, वह यहां क्लिक करें। इसके अलावा जिन मित्रों को अपने ब्लाग यहां दिखाने हैं वह अपने ब्लाग यहां जोड़ सकते हैं। लेखक संपादक दीपक भारतदीप, ग्वालियर

विशिष्ट पत्रिकायें