समस्त ब्लॉग/पत्रिका का संकलन यहाँ पढें-

पाठकों ने सतत अपनी टिप्पणियों में यह बात लिखी है कि आपके अनेक पत्रिका/ब्लॉग हैं, इसलिए आपका नया पाठ ढूँढने में कठिनाई होती है. उनकी परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए इस लेखक द्वारा अपने समस्त ब्लॉग/पत्रिकाओं का एक निजी संग्रहक बनाया गया है हिंद केसरी पत्रिका. अत: नियमित पाठक चाहें तो इस ब्लॉग संग्रहक का पता नोट कर लें. यहाँ नए पाठ वाला ब्लॉग सबसे ऊपर दिखाई देगा. इसके अलावा समस्त ब्लॉग/पत्रिका यहाँ एक साथ दिखाई देंगी.
दीपक भारतदीप की हिंद केसरी पत्रिका
Showing posts with label श्री गीता. Show all posts
Showing posts with label श्री गीता. Show all posts

6/15/11

खग्रास चंद्रग्रहण एक सामान्य प्राकृतिक घटना है-हिन्दी महालेख (khagras chandragrahan-hindi mahalekh

    दुनियां में सूर्य ग्रहण और चंद्रग्रहण आते रहते हैं। बरसों से हम देख रहे हैं पर इतनी चर्चा कभी नहीं होती थी। बचपन में बुजुर्गों के पहले ही पता चल जाता था कि अमुक तारीख को सूर्य ग्रहण या चंद्रग्रहण है। उस दिन कुछ सावधानी बरतने की बात कही जाती पर वह आज के टीवी चैनलों की तरह महाबहस का विषय नहीं होती थी। सच कहें तो सूर्य ग्रहण और चंद्रग्रहण को सामान्य घटना ही माना जाता था। कहीं आतंक या डर का माहौल नहीं देखा। आजकल   टीवी चैनलों ने दोनों ग्रहणों का बाज़ारीकरण कर दिया है।
         कह रहे हैं कि डरो नहीं, खूब देखो। कुछ परेशानी नहीं है। इन चैनलों पर बहस के लिये आने वाले वही लोग होते हैं जो पहले भी आते रहे हैं। खगोलशास्त्र से जुड़ी इन घटनाओं पर चर्चा करने के लिये ज्योतिषी बुलाये जाते हैं। फिर उनका मुकाबला करने के लिये कुछ आधुनिक विज्ञान समर्थक भी होते हैं। प्रचार इस तरह किया जाता है कि जैसे हिन्दू समाज में ही अंधविश्वास हो और पश्चिमी विज्ञान एकदम प्रमाणिक है। यह सब देखकर हम तो यह सोचते हैं कि भारतीय हिन्दू समाज इतना अविकसित ओर पिछड़ा नहीं है जितना आधुनिक ज्ञानी समझते हैं। देखा जाये तो हमारी श्रीमद्भागवत गीता के प्रचलन में आने के बाद भारतीय समाज शायद दुनियां का इकलौता समाज है जो समय के साथ आगे बढ़ता जाता है। यह अलग बात है कि प्रगतिशील और जनवाद से जुड़े विद्वानों का सभी जगह बाहुल्य है जिनकी यह मनोवृत्ति है कि संपूर्ण भारतीय अध्यात्म दर्शन को अवैज्ञानिक तथा समाज को जड़ साबित कर अपनी चेतना की व्यवसायिक धारा प्रवाहित की जाये। फिर उनके साथ बहस करने वाले भारतीय अध्यात्म के ज्ञानी भी कुछ इस तरह पेश आते हैं जैसे कि अंधविश्वास का समर्थन कर रहे हों। पेशेवर ज्योतिषी अपने प्रचार क्रे लिये आते हैं तो उनका मुकाबला करने पेशेवर बहसकर्ता आते हैं। चर्चा कराने वाले उद्घोषक का तो कहना भी क्या? निरपेक्ष दिखने की कोशिश इस तरह करते हैं जैसे कि लग रहा हो कि किसी विषय पर सहमति या असहमति न देना ही उनकी योग्यता का प्रमाण हो।
       भारत के हिन्दी टीवी चैनलों में कार्यरत उद्घोषकों का यह भाग्य है कि भारतीय अध्यात्म की व्यापकता ही उनको इस तरह के कार्यक्रम प्रदान करती है। जिसमें ढेर सारे ग्रंथ हैं और उसमें जीवन के हर पक्ष के साथ -जिसमें मनुष्य तथा अन्य जीव भी शािमल हैं-प्रकृति के रहस्यों पर भी प्रकाश डाला गया है। जबकि अन्य दर्शनों में अन्य जीवों की उपेक्षा कर केवल मानव जीवन पर ही अधिक लिखा और बोला जाता हैं। कुछ बातें मनुष्य समाज के संचालन से संबंधित होती हैं।
        प्रकृति के रहस्यों पर पश्चिम तो अब दृष्टिपात कर रहा है जबकि भारतीय अध्यात्म दर्शन में बहुत पहले ही इस पर लिखा गया है। हमने पंचांगों में सूर्य ग्रहण और चंद्रग्रहण की तारीखें देखी हैं जो कि यकीनन पश्चिमी विज्ञान से नहीं ली गयीं। पहले लोग अखबार पढ़े बिना बताते थे कि अमुक दिन चंद्रग्रहण या सूर्यग्रहण है।
बहरहाल भारत के टीवी चैनल अपने व्यवसायिक उद्देश्यों की पूर्ति अपने अध्यात्मिक दर्शन के आधार पर कर लेते हैं यह अलग बात है कि अपने चश्में से समाज को अधंविश्वासी समझने वाले उद्घोषक अपने को भले ही चालाक समझें पर हम सब जानते हैं कि उनकी अदायें ऐसी न हों तो शायद उनका काम भी न चले।
       पिछली बार के पूर्ण सूर्यग्रहण की याद आती है जब कहा गया है कि उसे देखना ठीक नहीं है और देखना है तो विशेष प्रकार के चश्में से देखें। सामान्य रंगीन चश्में से काम नहीं चलेगा। हम आज भी सामान्य काले चश्में से दोपहर मेें तपते हुए सूर्य को आसानी से देख पाते हैं। तब यह सवाल आता है कि ग्रहण के समय जब सूर्य का प्रकाश कम हो जाता है तो वह सामान्य से अधिक खतरनाक कैसे हो सकता है। उस समय खूब सूर्यगं्रहण देखने वालेचश्में बिके थे उसमें कुछ तो नकली भी बताये गये थे। तय बात है कि बाज़ार ने ही ऐसा प्रचार करवाया होगा ताकि वह अपने उत्पाद बेच सके। वैसे तो इष्ट दिवस, मित्र दिवस, पितृदिवस, मातृदिवस तथा प्रेम दिवस जैसे पश्चिमी दिवसों को भारतीय प्रचार माध्यम अपने प्रायोजक बाज़ार के लिये विज्ञापन प्रसारित कर उसके लिये ग्राहक जुटाते हैं। वैसे ही भारतीय त्यौहारों के साथ सूर्यग्रहण तथा चंद्रग्रहण भी उनके लिये विज्ञापन प्रसारण के बीच में कार्यक्रम की सामग्री बन जाते हैं।
      वैसे चर्चाओं में शामिल लोग भारतीय समाज को फालतु समझते हैं पर लोगों को लगते स्वयं फालतू हैं-हम नहंी मानते क्योंकि पता है कि यह सब कमाई करने और प्रचार पाने के लिये बहस करने आते हैं।
हम यह खग्रास चंद्रग्रहण देख पायेंगे कि पता नहीं। यह लेख लिखने के तत्काल बाद ही सोने का प्रयास करेंगे। अगर बीच में नींद टूटी तो छत पर देखने जायेंगे कि कैसा है खग्रास चंद्रग्रहण। जहां हानि लाभ, दुःख सुख, और जीवन मरण का सवाल है तो वह इस संसार का हिस्सा हैं। जब तक देह हैं तो विकार आयेंगें। भूख लगेगी, प्यास लगेगी। कभी जीभ किसी नये स्वाद के लिये चीत्कार करेगी। जिस तरह सत्य अनंत है वैसे ही माया भी अनंत है। सत्य सूक्ष्म है और उसे ध्यान आदि के माध्यम से अनुभव किया जा सकता है तो माया इतनी व्यापक है कि उसके चक्र में फंसे तो सभी हैं पर समझ नहीं पाते। खेलती माया है और आदमी सोचता है कि मैं खेल रहा हूं।
      जहां तक चर्चाओं का सवाल है तो भारतीय अध्यात्म इतना विशाल है कि जिस विषय पर चाहो बहस कर लो। जहां चार बुजुर्ग मिलते हैं किसी न किसी धर्मग्रंथ पर बहस करने लगते हैं। सभी अपना ज्ञान सुनाते हैं पर सुनता कौन है पता नहीं। सभी बोलते हैं। यही हाल टीवी चैनलों का है पर वहां के उद्घोषक तमाम तरह के तामझाम और आकर्षण मे घिरे होते हैं इसलिये उनको विद्वान माना जाता है। यह अलग बात है कि उनकी महाबहस-यह शब्द आज तक हमारे समझ में नहीं आया-अध्यात्मिक में वास्तविक रुचि रखने वालों के लिये हास्य का विषय होती है।
लेखक संपादक-दीपक ‘भारतदीप’,ग्वालियर
athour and writter-Deepak Bharatdeep, Gwalior
http://dpkraj.blogspot.com
यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका
5हिन्दी पत्रिका

६.ईपत्रिका
७.दीपक बापू कहिन
८.शब्द पत्रिका
९.जागरण पत्रिका
१०.हिन्दी सरिता पत्रिका  

9/4/09

वेदों और मनुस्मृतिं पर (कु)चर्चा कर समाज को भ्रमित करने का प्रयास-आलेख (ved,manu smriti,geeta,ramayan and shri madbhagvat)

भारतीय अध्यात्मिक ज्ञान का आधार कोई एक ग्रंथ या पुस्तक नहीं है। समय समय पर अनेक महापुरुषों, तपस्पियों, ऋषियों तथा मुनियों ने अपने सतत प्रयासों से इस ज्ञान भंडार को भरा है। इसकी शुरुआत वेदों से हुई पर अंत कहीं नहीं है। भौतिक और व्यक्त जगत पर शोध तो अनेक देशों ने किया पर अध्यात्मिक और अव्यक्त जगत पर जितना ज्ञान भारत में है किसी के पास नहीं रहा। हम यहां वेदों के साथ मनुस्मृति की भी बात करेंगे जिनको लेकर हिन्दुओं को भ्रमित किया गया-इसे यूं भी कहें कि हमारा समाज स्वयं भी इसको लेकर भ्रमित है।
अक्सर हिन्दू धर्म के अन्य धार्मिक आलोचक (इसका आशय विदेशी विचारकों और प्रचारकों से है)
इन्हीं वेदों और मनुस्मृति से श्लोक लेकर हमला करते हैं पर यह उनकी सोच नहीं है। अन्य धार्मिक विचाराधारओं के मानने वालों (विदेशी विचारकों और प्रचारकों) के पास इतनी चिंतन क्षमता हो ही नहीं सकती कि वह भारतीय वेदों, पुराणों और मनुस्मृति को पढ़कर आलोचना कर सकें बल्कि यह भारतीय समाज के अंदरूनी तत्वों द्वारा ही जानकारी प्रदान की जाती है। इससे भी आगे हम यह कहें कि हमें गैर भारतीय विचारधर्मियों से कम अपने ही समाज के और बौद्धिक तत्वों से अधिक चुनौती है जो विदेशी विचाराधाराओं के सहारे यहां वर्चस्व स्थापित करना चाहते हैं। इसमें हम जनवादी प्रगतिवादी विचाराधारा के सभी नहीं तो कुछ तत्वों को शामिल पाते हैं जिनको इस देश के समाज को गरीब, मजदूर, स्त्री, बालक,बीमार और बदहाल जैसे वर्गों में बांटकर कल्याण करने का शौक है।

यहां हमारा आशय हिन्दू धर्म और उसके ग्रंथों के आलोचकों को उत्तर देना नहीं वरन् समान विचारधार्मियों को यह समझाना है कि वह अपने तर्क ठोस ढंग से प्रस्तुत नहीं कर पाते और परिणाम स्वरूप उत्तेजना या गुस्से में ऐसी अभिव्यक्ति करते हैं जो उनके लिये उचित नहीं है। भारतीय सभ्यता और संस्कृति सदैव नवनिर्माण, सौम्य विकास और वैचारिक प्रवाह की निरंतरता की पोषक है। इस धरा की ऊर्जा मनुष्य में ज्ञान और विज्ञान की धारा को प्रवाहित रखती है जिससे यहां अध्यात्मिक और भौतिक ज्ञान का सदैव भंडार रहता है।
वेदों की रचना प्रारंम्भिक काल में हुई। इसकी रचना का काल खंड कोई प्रमाणिक रूप से नहीं जानता क्योंकि इनमें ऋषियों, मुनियों, तपस्वियों तथा महापुरुषों ने अपने अथक प्रयासों से इसमें अपना ज्ञान प्रस्तुत किया और वह इतने निष्कामी और निष्प्रयोजक दयालु थे कि आत्मप्रचार से बचने के लिये नाम भी नहीं लिखते थे। हमारे देश में अध्यात्मिक ज्ञान के लिये निरंतर अन्वेषण होता रहा है इसलिये यह कहना कठिन है कि किसी एक महापुरुष ने इसकी रचना की होगी। कहने वाले तो यह कहते हैं कि दुनियां में कहीं भी कही या लिखी गयी अच्छी और समाज हित की बात वेद का ही हिस्सा है या इसे यूं कहें कि वह वेदों में कही जा चुकी है। हम यहां वेदों का महत्व साबित नहीं करने जा रहे बल्कि हिन्दू धर्म समाज की उस सतत प्रवाहित वैचारिक धारा की चर्चा कर रहे जिससे अन्य धार्मिक समाज दूर रहते हैं। वेद या मनुस्मृति की आलोचना या चर्चा कर हमारे समाज को रास्ते से हटाने का प्रयास सदियों से चल रहा है और इसे समझना होगा क्योंकि आज का समाज केवल इनके सहारे आगे नहीं बढ़ रहा। हम यहां बाल्मीकी रामायण, श्रीमद्भागवत, महाभारत और श्री मद्भागवत गीता जैसे वह ग्रंथ क्यों भूल जाते हैं जिनसे आज के समाज का सर्वाधिक प्रयोजन है। वेदों या मनुस्मृति में अवर्ण जातियों तथा स्त्रियों के लिये जो बातें तत्कालीन संदर्भों में कही गयीं उनका संदर्भ हमें पता नहीं है पर उनको वर्तमान में कौन मानता है? जो मानते हैं उनको समाज के ज्ञानी लोग ही मूर्ख कहते हैं। फिर समाज जैसे जैसे आगे बढ़ता गया अन्य रचनायें होती गयीं और वेदों से उचित ज्ञान उनमें समावेश किया गया। आज केवल धर्म में विशिष्टता प्राप्त करने के जिज्ञासु ही इन धर्म ग्रंथों को पढ़ते हैं पर अन्य सामान्य व्यक्ति इनके बारे में अधिक नहीं समझता।

कहा जाता है कि वेदों में असंख्य श्लोक थे पर अब हजारों में उपलब्ध हैं? इसका मतलब यह नहीं है कि श्लोक कहीं खो गये बल्कि उनको कहीं न कहीं संजो कर रखा जाता रहा इसलिये वेदों के प्रति यह समाज उदासीन होता चला गया। सच बात तो यह है कि वेदों में जो तत्व ज्ञान है उसे तो अनेक लोगों ने अपनी रचनाओं में स्थान दिया। वेदों में भी दो तरह की ज्ञान ही हो सकता था-एक तो दैहिक-भौतिक तथा दूसरा अभौतिक-अध्यात्मिक। इनमें दैहिक तथा भौतिक ज्ञान तो समय के साथ परिवर्तित होता है पर अभौतिक तथा अध्यात्मिक ज्ञान में परिवर्तन नहीं आता और यही मनुष्य मन के लिये लाभदायी होता है। इसी अव्यक्त और अध्यात्मिक ज्ञान को संजोए रखने के लिये प्रयास हुए जिसके कारण समाज वेदों से उदासीन है।
भारतीय अध्यात्मिक ज्ञान का मूल तत्व निष्काम कर्म और निष्प्रयोजन दया जैसे अनेक संदेश हैं। वेदों से उदासीन होने का कारण भगवान श्री कृष्ण जी की गीता भी रही। चारों वेदों का सार उसमें आ गया-सच कहें तो श्रीकृष्ण ने अपनी अलौकिक बुद्धि से चारों वेदों का सार जिस तरह प्रस्तुत किया उससे तो उन्हें इस विश्व का प्रथम संपादक कहकर मन गद्गद् कर उठता है। उन्होंने न केवल वेदों के तत्व ज्ञान का इसमें समावेश किया बल्कि दैहिक एवं भौतिक संसार को समझने का विज्ञान भी दिया।
उस दिन एक सज्जन ने कहा कि ‘भला बताईये, आयुर्वेद की कौनसी शिक्षा इसमें शामिल है।’
इसका जवाब है कि ‘आयुर्वेद में बीमारियों की दवा से बचने के अलावा उनके इलाज की चर्चा है मगर भगवान श्रीकृष्ण जी ने उनसे बचने का उपाय भी बताया और इलाज भी। उन्होंने बीमारियों से बचने के लिये उचित खानपान का ज्ञान दिया तो इलाज के लिये प्राणायम का उपाय भी बताया।’
यह दुनियां का अकेला ऐसा ग्रंथ है जिसमें ज्ञान और विज्ञान दोनों ही शामिल है। इसमें शामिल हिन्दूओं का समग्र ज्ञान है और वह भी संक्षिप्त रूप से। ऐसा कुशल संपादन कौन संपादक कर सकता था?
आधुनिक काल के हिन्दी भाषी लेखकों ने अपनी कलम विचाराधाराओं के द्वंद्व पर अधिक चलाई पर वैश्विक काल-जीं हां, अंतर्जाल पर लिखने के साथ ही इसकी शुरुआत हुई क्योंकि वह रूढ़ हो चुके संस्थानों की पकड़ से बाहर निकली है-के हिन्दी लेखकों को वेदों के महत्व बताने की बजाय अपने संपूर्ण अध्यात्मिक ग्रंथ का प्रतीक श्रीगीता में ही आलोचकों के उत्तर ढूंढने चाहिये। उससे अगर संतुष्ट न हों तो बाल्मीकी रामायण और श्रीमद्भागवत का अध्ययन करें। वेदों और मनुस्मृति पर विवाद या (कु)चर्चा करने में समय बरबाद करना व्यर्थ है। हमारा समाज निरंतर चलता रहता है और कहीं एक जगह अटक कर रह जाना उसकी फितरत नहीं है। यह अलग बात है कि श्रीगीता में जो ज्ञान दिया है वह हर युग की दृष्टि से स्थिर रहने वाला है और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
दरअसल भारत में एक बौद्धिक वर्ग है जिसे यह अध्यात्मिक ज्ञान नहीं सुहाता। वह खुशहाल समाज नहीं देखना चाहता बल्कि समाज में व्याप्त आर्थिक गरीब, जातीय विवाद तथा सामाजिक रूढ़ियों के प्रतिवाद में अपनी जगह तलाशता है। ऐसा नहीं है कि यह साठ या सत्तर साल पुरानी बात है बल्कि यह कबीर जी के समय से ही चल रहा है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरित्रों की कहानियां सुनाकर कुछ लोगों ने अपने अध्यात्मिक ज्ञानी होने का ढोंग रचाया जिसको दिखाकर हिन्दू धर्म के आलोचक अधिक बौखला जाते हैं। भले ही ऐसे लोग ढोंगी हैं पर धर्म प्रवाह में उनकी एक भूमिका है जो वह अनजाने में ही निभा जाते हैं। हिन्दू धर्म के आलोचक उन जैसे नहीं बन सकते क्योंकि उन्होंने धर्म ग्रंथ पढ़े नहीं है पर उन जैसा पुजना चाहते हैं। इसलिये आप सुनते होंगे कि कुछ लोगों के नाम लगी उपाधियों-‘गरीबों के मसीहा, शोषितों के मसीहा, नारी कल्याण के प्रतीक।

कहने कहा तात्पर्य यह है कि समय के साथ ही हमारे महापुरुष, तपस्वी, ऋषि और मुनि वेदों से प्रदत्त ज्ञान को इस तरह लेकर आगे चले कि उनमें परिवर्तित होने वाला दैहिक तथा भौतिक ज्ञान जो अप्रासंगिक हो गया है उसे छोड़ दिया जाये। हां, जो तत्व ज्ञान है उसे किसी ने नहीं छोड़ा। हमारी इस पावन धरा पर समय समय महापुरुष आते हैं यह उसका गुण है और उसी तरह समाज का भी यह गुण है कि वह उनके संदेशों के साथ अपना रास्ता बनाता जाता है। किसी एक पुस्तक या महापुरुष से चिपक कर केवल उसे ही मान लेना मानसिक दृढ़ता का नहीं बल्कि वैचारिक संकीर्णता का प्रतीक है। फिर वैश्विक काल के हिन्दी लेखकों को यह नहीं भूलना चाहिये कि उनका असली संघर्ष गैर भारतीय अध्यात्मिक विचारधारा मानने वालों से नहीं वरन् कथित रूप से अपनी विचाराधारा वाले लोगों से ही है।
वह वेद की बात करें तो तुम उनको बाल्मीकी रामायण, श्रीमद्भागवत और श्रीगीता दिखाओ-उन्हें बताओ कि यह है हमारी ताकत। वह तो वेद और मनुस्मृति पर चर्चा करेंगे क्योंकि उनको इन तीनों महांग्रथों से खौफ लगता है। श्रीगीता के बारे में तो कहना ही क्या? वह इसका नाम भी नहीं लेंगे क्योंकि भगवान श्रीकृष्ण ने इसमें संदेश ही इस तरह दिया है कि पढ़ लिख चाहे जो भी ले पर जब तक वह हृदय से उनके प्रति श्रद्धा नहीं दिखायेगा वह समझेगा नहीं और जो उनको मानेगा ही नहीं तो उसकी जुबां से श्रीगीता का नाम निकलेगा ही नहीं और कान से सुनते ही उसकी नसों में भय दौड़ने लगेगा। याद रखो कि वेद और मनुस्मृति पर (कु) केवल विचलित करने के लिये की जाती है और बाल्मीकी रामायण, श्रीमद्भागवत तथा श्रीगीता की बात करने का उन लोगों में नहीं है। सच बात तो यह है कि वेदों और मनुस्मृति पर उनसे (कु)चर्चा कर उनके जाल में ही फंसना है। आखिर हम उनके ऐजेंडे पर ही बहस क्यों करें वह हमारे ऐजेंडे पर बहस क्यों नहीं करते? वह वेदों और मनुस्मृति को उठाते हैं पर श्रीगीता से उनकी परहेज क्या उनकी दुर्भावना का प्रतीक नहीं है?शेष फिर कभी
...................................


यह आलेख इस ब्लाग ‘दीपक भारतदीप का चिंतन’पर मूल रूप से लिखा गया है। इसके अन्य कहीं भी प्रकाशन की अनुमति नहीं है।
अन्य ब्लाग
1.दीपक भारतदीप की शब्द पत्रिका
2.अनंत शब्दयोग
3.दीपक भारतदीप की शब्दयोग-पत्रिका
4.दीपक भारतदीप की शब्दज्ञान पत्रिका
लेखक संपादक-दीपक भारतदीप

7/16/08

अध्यात्म और धर्म अलग अलग विषय हैं-आलेख (2)

अध्यात्मिक ज्ञान जिस व्यक्ति को होता है उसका मानसिक तथा बौद्धिक शोषण कतई नहीं किया जा सकता है। अध्यात्म ज्ञान कोई अधिक व्यापक नहीं है पर उसका अर्थ समझकर उसे धारण करना बहुत कठिन है। वैसे एक बात स्पष्ट है कि समस्त धार्मिक विचाराधाराऐं अध्यात्मिक ज्ञान के आधार को ही मजबूत करने का दावा करती हैं पर वह उसमें अनेक कहानियां तथा सांसरिक विषय इस तरह जोड़ दिये गये हैं कि सामान्य मनुष्य भ्रमित हो जाता है। भारतीय अध्यात्मिक ज्ञान जो कि सत्य का साक्षी है उसकी चर्चा तो पूरे विश्व में होती है पर उसका अध्ययन, चिंतन और मनन कितने लोग करते हैं और उसमें भी कितने उसे धारण कर पाते हैं? यह अलग चर्चा का विषय है। भारतीय अध्यात्मिक ज्ञान का प्रचार करने वाले कथित संतों ने अनेक प्रकार की चमत्करिक कहानियां तथा सांसरिक विषय उसमें इस तरह जोड़े हैं कि उसका मूल स्वरूप ही किसी की समझ में नहीं आता।

भारत में अध्यात्मिक ज्ञान का दावा रखने वाले तो बहुत मिल जायेंगे पर उसके सूक्ष्म रूप का किसी को पता नहीं है। अपने व्यवसाय, नौकरी तथा खेती से निराश होने पर अक्सर लोग कहते हैं कि ‘हमारा काम हैं कर्म करना और फल देना तो परमात्मा का का है।’ सुनने में यह कितना अच्छा लगता है। कहने वाले तो यही कहेंगे कि यह श्रीगीता में ऐसा ही कहा गया है।
श्रीगीता में केवल कर्म की बात नहीं कही गयी बल्कि निष्काम कर्म की बात कही गयी है। जब कोई कहता है कि ‘हमने अपना काम किया और फल देना तो परमात्मा का काम है’ तो यह उसके निष्काम होने का प्रमाण नहीं है क्योंकि अपने कर्म के साथ कहीं न कहीं उसके फल पाने की इच्छा प्रकट होती है।’

पहले तो कर्म का फल का स्वरूप ही समझ में आना चाहिये तभी तो आदमी निष्काम भाव से कार्य कर सकता है। दरअसल निष्काम भाव से कर्म करना ही जीवन से विषादों से मुक्ति दिलाने का उपाय है और लोग निष्काम भाव से काम न करें इसलिये उनको उसका उपदेश दिया जाता है पर प्रेरित तो उस सांसरिक फल के लिये ही किया जाता है जो उनके जीवन और विचारों को सीमित दायरों में बांध देता है। वह सांसरिक पदार्थों की फल समझते हैं जिनका उपयोग भी वह यही करते हैं। अगर कोई मनुष्य नौकरी कर रहा है तो उसका वेतन, व्यवसायी है तो उसका लाभ और मजदूर है तो उसकी मजदूरी क्या फल है? नहीं अगर यह फल है तो फिर वह इसका उपयोग वह अकेला कहां करता है? मनुष्य द्वारा भौतिक मुद्रा अर्जित करना फल नहीं है क्योंकि वह उसे भी तो अपने तथा परिवार के ऊपर ही व्यय करता है। कोई अपने बच्चे की फीस भर रहा है तो कोई अपनी पत्नी का इलाज करा रहा है तो कोई मकान बनवा रहा है। कोई अपने पिता को दे रहा है तो कोई माता को दे रहा है। कभी भाई की मदद कर रहा है। भला इस धनोपब्धि को फल कैसे कहा जाता है। जब वह अपने हाथ से कहीं से धन लेता है तो वह फल नहीं बल्कि अपने कर्तव्यों और दायित्वों के निर्वाह के लिये लेता है। यह धन लेना उसका कर्तव्य है न कि फल! धन प्राप्त करना आपका कर्म है और व्यय करना भी-उसे फल कैसे कहा जा सकता है।

दूसरी बात तो छोडिये जो दुनियां भर का ज्ञान बघार रहे हैं वह भी इसमें से अपने लिये दान मांगते हैं और बताते हैं कि यह आपकी धार्मिक जिम्मेदारी है। सीधा आशय यह है कि आपने जो धन कमाया वह तो आपके कर्म का दायित्व बढ़ाता है और आप उसे कहीं अन्य व्यय कर अपना कर्तव्य निबाहते हैं। जब तक देह है उसे बनाये रखने के लिये व्यय करते हैं पर यह तो हमारा कर्म है। यह फल कहां से कहा जा सकता है?

सवाल यह है कि फिर फल क्या है? फल है हम अपने जीवन में शांति से रह पायें और जब देह त्याग करने का समय आये तो शांति और संतोष के साथ मोक्ष प्राप्त करें। यही असली फल है जिसकी तरफ ले जाने की ताकत केवल भारतीय अध्यात्म के ज्ञान में ही हैं। पहले उस सांसरिक फल का स्वरूप भी समझ लें। अगर हमने किसी से माह भर कार्य करने, अथवा वस्तु बेचने या मजदूरी करने पर किसी से धन मांगा तो क्या वह फल मांगना है। नहीं! यह तो उसे अपने सांसरिक कर्तव्य का निर्वाह करने के लिये प्रेरित करने का प्रयास है जिससे हम अपने आगे के कर्तव्य का निर्वाह कर सकें। मतलब यह कि अगर कोई अध्यात्म का ज्ञान रखता है तो वह अपने कर्तव्य निर्वाह के लिये धन प्राप्त करना फल नहीं बल्कि कर्तव्य ही हैै। यह अलग बात है कि जिन लोगों को पैसा देना नहीं होता वह कह देते हैं-‘क्या, तुम ज्ञानी होकर पैसा मांगते हो।’ याद रखना अध्यात्म का ज्ञान होने का आशय यह कदापि नहीं कि आदमी सांसरिक विषयों को त्याग कर भागने की तैयारी कर ले। एक सामान्य व्यक्ति और अध्यात्मिक ज्ञानी व्यक्ति के बस दृष्टिकोण में अंतर होता है। सामान्य व्यक्ति अपनी धनोपब्धि पर ही प्रसन्न होकर रह जाता है तो उसके जाने पर उसे भारी कष्ट होता है। इसके विपरीत अध्यात्म का ज्ञान रखने वाला धन मिलने पर उसे फल मानते हुए उसमें लिप्त नहीं होता। सामान्य व्यक्ति एक के बाद दूसरी और दूसरी उपलब्धि के पीछे भागता है और अपने पूरे जीवन में शांति से नहीं बैठ पाता और न मनुष्य देह का सुख उठा पाता है जबकि ज्ञानी अपने लिये शांति से जीने के पल जुटा लेता है और फिर दृष्टा की तरह इस संसार में मानव देह होने का वह आनंद भी उठाता है।

अगर आप देखें तो सारे धर्म तमाम तरह के कर्मकांड प्रतिपादित करते हैं जिनका निर्वाह उसी धनोपलब्धि से किया जा सकता है जो हमने प्राप्त की है। सभी धर्मों के गुरू उसी धन पर अपनी नजरें गड़ाये हुए स्वर्ग में टिकिट रिजर्वेशन करने की गारंटी अपने भक्तो को देते हैं। उनका संदेश तो यही होता है कि ‘ला! माल ला! और ले जा स्वर्ग का टिकिट!

सभी आसमान की तरफ इशारा करते हुए कहते हैं कि ‘देने वाला तो वही है’, ‘उसकी इच्छा के बिना यहां कुछ भी नहीं हो सकता’ और सभी के मन की इच्छा वही पूरी करता है’। ऐसा कहकर वह सांसरिक उपलब्धियोें को ही फल बताते हैं। कुल मिलाकर सभी धर्मों के कर्मकांड पैसा खर्च कर फल दिलाने के सिद्धांत पर आधारित हैं। जबकि भारतीय अध्यात्म बिना किसी सांसरिक फल के योग साधना और प्राणायम कर देह और मन के विकार दूर करने तथा ध्यान और प्रार्थना के आधार शांति का वह फल दिलाने वह ज्ञान है जो देह रहते और बाद में भी आदमी को संतोष प्रदान करता है। समस्या है गुरू की। श्रीगीता में भी गुरू का गुणगान है जिसका सबसे अधिक प्रचार वह कथित संत करते हैं जिन्होंने गीता के ज्ञान को समझा नहीं पर स्वयं गुरू बनने की लालसा में वह अपने भक्तों को वह अवश्य बताते हैं। अपने भक्तों का अध्यात्म का ज्ञान वह कभी नहीं देते। हां, अनेक कहानियां तथा सांसरिक विषयों में उलझा कर अपनी भक्त का हृदय फिर उसी सांसरिक दलदल में फंसा देते हैं जहां वह कमल की तरह खिलने की इच्छा रहकर आता है। यह केवल भारतीय धर्मगुरूओं का ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में यही हाल है। धर्म के नाम शोषण केवल इसलिये हो रहा है क्योंकि भारतीय अध्यात्म ज्ञान को सभी दबाये रखना चाहते है ताकि उसके मूल स्वरूप से लोग अवगत न हों।
श्रीगीता में अध्यात्म का जो ज्ञान है वह अनुपम है पर उसे कथित साधु संत अपने हिसाब से व्याख्या इस तरह करते हैं कि वह स्वयं ही अपने भक्तों में भगवान के रूप में स्थापित रहें। अब यह उनकी चालाकी भी हो सकती है या ऐसा भी कि वह स्वयं ही उस ज्ञान को धारण नहीं कर पाते और अपनी यही कमी छिपाने के लिये तमाम तरह के चुटकुले, कहानियां तथा सांसरिक विषयों की प्रधानता पर ही अधिक प्रवचन करते हैं। शेष अगले अंक में

6/8/08

जीन चलते हैं पर गुण तो गुण में ही बरतते हैं-आलेख (1)

पश्चिमी विज्ञान मानव शरीर में स्थित जीन के आधार पर अपने विश्लेषण प्रस्तुत करता है जबकि यही विश्लेषण भारतीय दर्शन ‘गुण ही गुणों को बरतते हैं‘ के आधार पर करता है। पश्चिमी विश्लेषण मनुष्य के स्वभाव में उन जीनों के प्रभाव का वर्णन करते हैं जबकि भारतीय दर्शन उनको गुणों का परिणाम कहकर प्रतिपादित करता है।
मनुष्य की पहचान उसका मन है और देह में स्थित होने के कारण उसमें विद्यमान गुण या जीन से प्रभावित होता है इसमें संशय नहीं हैं। जब शरीर में कोई भीषण विकार या पीड़ा उत्पन्न होती है तब मन कहीं नहीं भाग पाता। उस समय केवल उससे मुक्ति की अपेक्षा के अलावा वह कोई विचार नहीं। करता। मन में विचार आते हैं कि ‘अमुक पीड़ा दूर हो जाये तो फिर मैं एसा कुछ नहीं करूंगा जिससे यह रोग फिर मुझे घेरे।’
कभी अपने आप तो कभी दवा से वह ठीक हो जाता है पर फिर उसका मन सब भूल जाता है। व्यसन करने वाले लोग इस बात को बहुत अच्छी तरह जानते हैं। जब अपने व्यसन की वजह से भारी तकलीफ में होते हैं तब सोचते हैं कि अब इसका प्रभाव कम हो तो फिर नहीं करेंगे।’

ऐसा होता नहीं है। व्यसन कर प्रभाव कम हाते े ही वह फिर उसी राह पर चलते हैं। अपने ज्ञान के आधार पर मै यह कह सकता हूं कि‘शुरूआत में व्यसन आदमी किसी संगत के प्रभाव में आकर करता है फिर वही चीज-शराब और तंबाकू-मनुष्य के शरीर में अपना गुण या जीन स्थापित कर लेती है और आदमी उसका आदी हो जाता है। याद रहे वह गुण व्यसन करने से पहले उस आदमी में नहीं होता।



पश्चिमी विज्ञान कहता है कि आदमी में प्रेम, घृणा, आत्महत्या, चिढ़चिढ़ेपन तथा अन्य क्रियाओं के जीन होते हैं पर वह यह नहीं बताता कि वह जीन बनते कैंसे हैं? भारतीय दर्शन उसको स्पष्ट करता है कि मनुष्य में सारे गुण खाने-पीने के साथ ही दूसरों की संगत से भी आते हैं। मेरा मानना है कि मनुष्य सांसें लेता और छोड़ता है और उससे उसके पास बैठा आदमी प्रभावित होता है। हां, याद आता है कि पश्चिम के विज्ञानी भी कहते हैं कि सिगरेट पीने वाले अपने से अधिक दूसरे का धुंआ छोड़कर हानि पहुंचाते हैं। इसका अर्थ यह है कि विकार वायु के द्वारा भी आदमी में आते हैं। अगर आप किसी शराबी के पास बैठेंगे और चाहे कितनी भी सात्विक प्रवृत्ति के हों और उसकी बातें लगातार सुन रहे हैं तो उसकी कही बेकार की बातें कहीं न कहीं आपके मन पर आती ही है जो आपका मन वितृष्णा से भर देती है। इसके विपरीत अगर आप किसी संत के प्रवचन-भले ही वह रटकर देता हो-सुनते हैं तो आपके मन में एक अजीब शांति हो जाती है। अगर आप नियमित रूप से किसी ऐसे व्यक्ति से मिलें जिसे आप ठीक नहीं समझते तो ऐसा लगेगा कि वह आपके तनाव का कारण बन रहा है। कहने का तात्पर्य यह है कि पांच तत्वों-प्रथ्वी, जल, आकाश, अग्नि और वायु- से बनी यह देह इनके साथ सतत संपर्क में रहती है और उनके परिवर्तनों से प्रभावित होती है और इसके साथ ही उसमें मौजूद मन, बुद्धि और अहंकार की प्रकृति भी प्रभावित होती है। इन परिवर्तनों से मनुष्य की देह में जीन या गुणों का निर्माण और विसर्जन होता है और वह उसका प्रदर्शन वह बाहर व्यवहार से कराते हैं।
पश्चिम के विद्वान इन जीन को लेकर विश्लेषण करते हुए उनके उपचार के लिए अनुसंधान करते हैं। अनेक तरह के आकर्षक तर्क और सुसज्तित प्रयोगशालाओं से निकले निष्कर्ष पूरे विश्व में चर्चा का विषय बनते हैं और भारतीय अध्यात्म को पूरी तरह नकार चुके हमारे देश के विद्वान अखबार, टीवी चैनलो, रेडियो और किताबों उनका प्रचार कर यहां ख्याति अर्जित करते हैं। हां, लोग सवाल करेंगे कि भारतीय अध्यात्म में भला इसका इलाज क्या है?

हमारा अध्यात्म कहता है लोग तीन तरह के होते हैं सात्विक, राजस और तामस। यहां उनके बारे में विस्तार से चर्चा करना ठीक नहीं लगता पर जैसा आदमी होगा वैसा ही उसका भोजन और कर्म होगा। वैसे ही उसके अंदर गुणों का निर्माण होगा।

श्रीगीता के सातवों अध्याय के (श्लोक आठ) अनुसार आयु, बुद्धि, बल, आरोग्य सुख और प्रीति को बढ़ाने वाले रसयुक्त, चिकने और स्थिर रहने वाले तथा जो स्वभाव से ही मन को प्रिय हो ऐसा भोजन सात्विक को प्रिय होते हैं।

नौवें श्लोक के अनुसार कड़वे, खट्टे, लवणयुक्त, बहुत गरम, तीखे, रूखे, दाहकारक, दुःख, चिंता तथा रोगों को उत्पन्न करने वाले आहार राजस पुरुष को प्रिय होते हैं।


दसवें श्लोक के अनुसार -अधपका, रसरहित, दुर्गंधयुक्त, बासी और उच्छिष्ट तथा अपवित्र है वह भोजन तामस को प्रिय होता है।



पश्चिम के स्वास्थ्य विज्ञान के अनुसार देह की अधिकतर बीमारियां पेट के कारण ही होती हैं। यही विज्ञान यह भी कहता है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन रहता है। हमारा अध्यात्म और दर्शन भी यही कहता है कि गुण ही गुण को बरतते है। इसके बावजूद पश्चिमी विज्ञान और भारतीय अध्यात्म में मौलिक अंतर है। पश्चिमी विज्ञान शरीर और मन को प्रथक मानकर अलग अलग विश्लेषण करता है। वह मनुष्य की समस्त क्रियाओं यथा उठना, बैठना, चलना और कामक्रीडा आदि को अलग अलग कर उसकी व्याख्या करता है। इसके विपरीत भारतीय अध्यात्म या दर्शन मनुष्य को एक इकाई मानता है और उसके अंदर मौजूद गुणों के प्रभाव का अध्ययन करता है। अगर योग की भाषा के कहें तो सारा खेल ‘मस्तिष्क में स्थित ‘आज्ञा चक्र’ का है। पश्चिमी विज्ञान भी यह तो मानता है कि मानसिक तनाव की वजह से अनेक रोग उत्पन्न होते हैं और वह उनका इलाज भी ढूंढता है पर जिन मानसिक विकारों से वह उत्पन्न होते हैं और मनुष्य की देह में अस्तित्वहीन रहें ऐसा इलाज उसके पास नहीं है।

भारतीय अध्यात्मिक ज्ञान केवल धर्म प्रवचन के लिऐ नहीं है वह जीवन की वास्तविकताओं पर आधारित है। यह मनुष्य के देह और मन में स्थित विकारों को दूर करने के लिए केवल शब्दिक संदेश नहीं देता बल्कि योगासन, प्राणायम और ध्यान के द्वारा उनको दूर करने का उपाय भी बताता है। अध्यात्म यानि हमारी देह में प्राणवान जीव आत्मा और उससे जानने की क्रिया है ज्ञान। अन्य विचाराधारायें आदमी को प्रेम, परोपकार और दया करने के का संदेश देती हैं पर वह देह में आये कैसे यह केवल भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान ही बताता हैं। अगर सुबह उठकर योगासन, प्राणायम, और ध्यान किया जाये तो देह में वह जीन या गुण स्वयं ही आते है जिनसे आदमी प्रेम, परोपकार और दया करने लगता है। देह और मन के विकार को निकाले बिना आदमी को सही राह पर चलने का उपदेश ऐसा ही है जैसे पंचर ट्यूब में हवा भरना।
अगर कोई आदमी बीमार होता है तो डाक्टर कहते हैं कि चिकनाई रहित हल्का भोजन करो जबकि भारतीय दर्शन कहता है कि चिकना, रसयुक्त स्थिर भोजन ही सात्विक है। इसका अर्थ यह है कि डाक्टर जिनको यह भोजन मना कर रहा है उनमें विकार ही इस सात्विक भोजन के कारण है। ऐसा भोजन करने के लिये परिश्रम करना जरूरी है पर आजकल धनी लोग इसे करते नहीं है। श्रीगीता कहती है कि अकुशल श्रम से सात्विक लोग परहेज नहीं करते। आजकल के लोग अकुशल श्रम करने में संकोच करते हैं और यही कारण है कि लोगों में आत्म्विश्वास की कमी होती जा रही है और ऐसे जीन या दुर्गुण उसमें स्वतः आ जाते हैं जो उसे झूठे प्रेम,पुत्यकार की भावना से उपकार और कपटपूर्ण दया में लिप्त कर देते हैं। कुल मिलाकर पश्चिमी विज्ञान की खोज जीन चलते हैं जबकि भारतीय दशैन की खोज ‘गुण ही गुण बरतते हैं। वैसे देखा जाये तो देश में जितनी अधिक पुस्तकें पश्चिमी ज्ञान से संबंधित है भारत के पुरातन ज्ञान उसके अनुपात में कम है पर वह वास्तविकता पर आधारित हैं। संत कबीर दास जी के अनुसार अधिक पुस्तकें पढ़ने से आदमी भ्रमित हो जाता है और शायद यही कारण है कि लोग भ्रमित होकर ही अपना जीवन गुजार रहे हैं। इस विषय पर इसी ब्लाग पर मै फिर कभी लिखूंगा क्योंकि यह आलेख लिखते समय दो बार लाईट जा चुकी है और मेरा क्रम बीच में टूटा हुआ था इसलिये हो सकता है कि विषयांतर हुआ हो पर उस दौरान भी मैं इसी विषय पर सोचता रहा था। बहुत सारे विचार है जो आगे लिखूंगा।

8/1/07

गोवर्धन परिक्रमा: श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक


कल मैं गोवेर्धन परिक्रमा से लौटा हूँ। परिक्रमा के दौरान लोगों में जो मैंने उत्साह और श्रद्धा का भाव देखा उससे बहुत प्रभावित हुआ। इसमें कोई संदेह की बात नहीं है कि सामान्य दिनों में हम अपने आसपास धर्म को लेकर तमाम तरह के ढकोसले देखते हैं उससे ऐसा लगता है कि जैसे कि लोग दिखाने के लिए धर्म-कर्म करते हैं पर जब मैं किसी धार्मिक स्थान पर जाता हूँ तो लगता है कि सामान्य लोग भारी तकलीफ उठाकर अपने विश्वास और श्रद्धा के साथ वहाँ आते हैं। सामान्य लोग मैंने इसलिये भी कहा क्योंकि देश के भौतिक और आर्थिक विकास के साथ धनाढ्य और खास वर्ग के लोगों के संख्या में वृद्धि हुई है जो इन स्थानों पर जाकर भी सुख-सुविधाएँ अर्जित करते हुए अपने धर्म और विश्वास का निर्वाह करते हैं। मैंने सभी धार्मिक स्थानों पर जाकर देखा है कि लोग वहाँ इतने निर्लिप्त हो जाते है कि सामान्य स्थिति में ऐसे भक्ति-भाव उनके मन में नहीं आ पाता इसलिये वह घर-गृहस्थी से दूर होकर इन स्थानों पर शांति और निर्लिप्त भाव से अपना समय व्यतीत कर पाते हैं-जो उनके लिए अपने घरों पर संभव नहीं हो पाता।
कहने को तो हमारे महापुरुष कहते हैं कि 'मन चंगा तो कठौती में गंगा' और इसमें सच्चाई भी है पर इस सत्य के साथ अपने घर पर ही शांति और निर्लिप्त भाव के साथ भगवान् की भक्ति करना सामान्य आदमी के लिए अत्यंत कठिन होता है और शायद इसीलिये ही भारत के जनसाधारण के मानस पर कहीं पवित्र स्थान पर जाकर तीर्थ करने की भावना सदैव प्रबलता के साथ रहती है।
ऐसे स्थानों पर कुछ लोग पर्यटन की दृष्टि से भी जाते है और इससे उनके 'एक पंथ दो काज' वाली कहावत भी सिद्ध हो जाती है -एक तो वह घूमने-फिरने का आनन्द लेते ही हैं और भक्तों के बीच में घुमते हुए कहीं न कहीं अपने हृदय में भी भक्तिभाव की अनुभूति करते हैं।गोवर्धन परिक्रमा पर जाने की मेरी कई बरसों से मेरी इच्छा थी तो सोचा इस बार वहाँ हो कर आते हैं ,मजे की बात यह कि वहीं मुझे पता लगा कि गुरू पूर्णिमा पर वहाँ सबसे अधिक भीड़ रहती है और मेरे लिए यह संयोग ही बन पडा। वैसे तो मैं कई बार वृन्दावन और मथुरा गया हूँ पर इस बार ऐसे समय गया जिसके बारे में सोचा भी नहीं था। अगर मैंने इस बार कष्ट उठाएँ तो आनन्द भी बहुत मिला।
गोवर्धन परिक्रमा के दौरान हमने सब लोगों को नंगे पाँव चलते हुए देखा। सब लोग निर्लिप्त और शांत भाव से अपने कदम से कदम बढाए जा रहे थे। किसी में कहीं कोई राग-द्वेष, लालच, लोभ और परनिन्दा का भाव नहीं था। कोई धीरे तो कोई तेज चलते हुए तो कोई दौड़ कर परिक्रमा पथ पर चला जा रहा था। मुझे यह बात साफ लग रही थी कि लोग वहाँ आकर जिस निर्लिप्त और शांति भाव से अपने अन्दर भक्ति का अनुभव कर रहे थे वही उन्हें वहां आने के लिए प्रेरित करती है। वहाँ श्रद्धालुओं और भक्तो के लिए स्थानीय और बाहरी संस्थाओं द्वारा पानी, भोजन और विश्राम के लिए जो निशुल्क व्यवस्थाएं की गयी हैं उनके लिए तो कहने के लिए शब्द भी कम पड़ जाएँ । केवल यह बात ही नहीं वहाँ तीर्थ यात्रियों के मन को आनंद पहुंचाने के लिए फिल्मी संगीत पर आधारित भजनों की अलावा स्थानीय युवाओं द्वारा नृत्य का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जा रहा था पर वहाँ केवल वही लोग इसका आनन्द ले पा रहे थे जो थोडा विश्राम करना चाहते थे पर उनकी संख्या बहुत कम थी क्योंकि अपनी श्रद्धा और विश्वास के वशीभूत लोग केवल अपने परिक्रमा लगाने और उसे पूरा करने में ध्यान लगाए रहते हैं। रास्ते में प्रसाद, पानी, शरबत, चाय और विश्राम के लिए सेवाधारी लोग तीर्थ यात्रियों से आग्रह करते थे, उनमें से कुछ लोग सुनते तो कुछ आगे बढ़ जाते।
सेवाधारियों के पंडालों पर लगे होर्डिंग से यह पता चल रहा था कि किस क्षेत्र से संबद्ध है। हालांकि उसमें कई बाहरी क्षेत्रो से थे पर स्वाभाविक रुप से सर्वाधिक संख्या गोवर्धन पर्वत के निकट स्थित राजस्थान के सीमावर्ती शहरों और गांवों से जुडे लोगों द्वारा पंडालों की संख्या अधिक थी। उनका निष्काम सेवाभाव दृश्व्य और हृदयंगम करने वाला था।
लाखों की संख्या में श्रद्धालु लोग परिक्रमा लगाकर वहीं से अपने घरो को लॉट रहे थे तो उतने ही आ रहे थे। समस्या तो बाद में लौटने की हो गयी। वहाँ से वृन्दावन जब आये तो एक दिन ठहरने के बाद जब बस स्टेंड पहुंचे तो पता लगा कि हाल बुरे थे। टेंपो वालों ने मथुरा तक का किराया दूना कर दिया था-हालांकि गोवर्धन तक भी हमने आने-जाने में दूना किराया ही दिया था पर यहाँ तो समस्या यह नहीं थी बल्कि भारी भीड़ की वजह से टेंपो ही नहीं मिल रहे थे और जो सरकारी बसें थी तो उसमें भी ठूंस-ठूंस कर लोग भरे जा रहे थे-भीषण गर्मी और उमस से बस में बुरा हाल था और चालक और कंडक्टर अपने जुगाड़ में लगे थे- भरने के बावजूद बस को चला नहीं रहे थे। गोवर्धन पर्वत पर जो श्रद्धालू वहां के सेवाधारियों से अपने श्रद्धा और विश्वास के वजह से सम्मानित हुए थे वही टेंपो और बस चालकों के लिए केवल दुधारू पशुओं से अधिक नहीं थे- आज इन्हें लूट लो कल मौका नहीं मिलेगा ऐसा भाव उनके मन में था। निजी चालकों की बात तो समझ में आ सकती है पर सरकारी बसों का भी यही हाल था। इसके बाद जब हम मथुरा रेलवे स्टेशन पर आये तो वहाँ जो भीड़ देखी तो बस होश ही फाख्ता हो गये। उस समय हम सोच रहे थे कोई चैनल वाला मिल जाये तो उस सारे हाल दिखाए और बताएँ पर मैं जानता था कि हमारे देश की मीडिया के लोगों के लिए गोवर्धन की परिक्रमा प्राथमिकता की सूची में नहीं है, उसे तो मनोरंजक कार्यक्रमों से ही फुर्सत नहीं है।
गोवर्धन की परिक्रमा के दौरान मैंने देखा कि देश के कौने-कौने से लोग वहाँ आये थे, और इसे छोटा(मिनी) महाकुम्भ भी कहा जाता है। भारत को विदेशी लोग अंधविश्वासों का देश कहते है क्योंकि उनके उनको यह पता ही नहीं कि विश्वास और आस्था का भाव होता क्या है? इतनी दूर से लाखों लोग-जिनमें तो कई पैदल आते हैं-ढ़ेर सारी तकलीफों को झेलते हुए और दूना किराया देकर वहाँ आते है केवल अपने श्रद्धा और विश्वास के वशीभूत होकर। उन्हें लूटा और ठगा जाता है , परेशान किया जाता है, कई जगह दुर्व्यवहार का भी सामना करना पड़ता है पर वह अपने विश्वास को उनसे नहीं जोड़ते । कोई श्रद्धालु यह नहीं कहता कि 'जिस रास्ते पर ईश्वर ने इतनी सारी तकलीफें बिछा रखीं हैं वहां नहीं जाऊंगा' बल्कि यह उसका विश्वास होता है जो कहता है 'ईश्वर हमारी इस तरह परीक्षा लेता है'। मैंने वहाँ कई स्थान देखे जिनके बारे में अगले अंकों में लिखूंगा क्योंकि इसमें कोई संदेह नहीं है कि भगवान श्री कृष्ण के निष्काम भक्ति के संदेश पर टिका है हमारा आध्यात्म और इसके लिए हमारे देश को आध्यात्म गुरू भी कहा जाता है। श्री मद्भागवत गीता में जो ज्ञान और विज्ञान का अनूठा संदेश है उसे श्रद्धा से पढने वाले ही समझ सकते हैं-ऎसी मेरी मान्यता है ।

हिंदी मित्र पत्रिका

यह ब्लाग/पत्रिका हिंदी मित्र पत्रिका अनेक ब्लाग का संकलक/संग्रहक है। जिन पाठकों को एक साथ अनेक विषयों पर पढ़ने की इच्छा है, वह यहां क्लिक करें। इसके अलावा जिन मित्रों को अपने ब्लाग यहां दिखाने हैं वह अपने ब्लाग यहां जोड़ सकते हैं। लेखक संपादक दीपक भारतदीप, ग्वालियर

विशिष्ट पत्रिकायें